टाइगर रिजर्व के जंगल से बाहर आबादी क्षेत्र में बाघों के निकलने का सिलसिला लगातार जारी हैं। गुरुवार रात जंगल से बाहर निकला बाघ बरखेड़ा क्षेत्र के जार कलियां गांव की सीमा में पहुंच गया। शुक्रवार सुबह खेत पर पहुंचे किसान के सरसों की फसल में बने बाघ के पगचिह्न पर नजर पड़ते दहशत फैल गई। किसान की सूचना पर यूपी 100 ने मौके पर पहुंच कर जानकारी वन विभाग को दी।
टाइगर रिजर्व से दूर जिले के कई इलाकों में आबादी क्षेत्र के निकट बाघों की चहलकदमी थम नहीं रही है। जंगल से दूर खेतों में लगातार बाघों की मौजूद की देखी जा रही है। वहीं आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ रही बाघों की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ग्रामीणों को जागरूक करने में जुटा है। इधर जंगल से बाहर निकला बाघ गुरुवार रात बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम जार कलियां की सीमा में पहुंच गया। शुक्रवार सुबह गांव निवासी किसान रमेश चंद्र फसल को देखने खेत की ओर निकला। फसल में अंदर की ओर घुसते ही उसकी नजर वहा बने बाघ के पगचिह्न पर पड़ी तो दहशत फैल गई। डर से सहमा किसान आननफानन में गांव लौटा और सूचना यूपी 100 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले से वन विभाग को सूचित किया। डीएफओ संजीव कुमार ने बताया कि सूचना के बाद टीम को मौके पर भेजा गया है। क्षेत्र में निगरानी भी बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को भी सतर्क किया जा रहा है।