16 नवंबर से शुरू हो जाएगा पेराई सत्र
डीएम की अगुवाई में चली बैठक, कई प्रस्ताव पास
अमर उजाला ब्यूरो
बीसलपुर। किसान सहकारी के अतिथि गृह में सोमवार दोपहर डीएम डॉ.अखिलेश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में हुई मिल संचालक मंडल की बैठक में मिल के हितों से संबंधित 10 से अधिक प्रस्ताव पास किए गए।
बैठक में सर्वप्रथम पिछली बैठकों की कार्यवाही की समीक्षा की गई। इसमें तय किया गया कि मिल का आगामी पेराई सत्र 16 नवंबर 2018 से शुरू किया जाएगा। जिसमें 38.30 लाख क्विंटल गन्ना खरीदा जाएगा। करीब 12378.26 लाख रुपया गन्ना मूल्य भुगतान के रूप में अदा करना होगा। मिल में तकनीकी अधिकारियों के पदों पर सेवानिवृत्त लोगों को संविदा पर रखे जाने पर भी सहमति बनी। जबकि लिपिकों के खाली पदों पर सेवानिवृत्त लोगों को रखने से इंकार कर दिया गया। इनके स्थान पर आउट सोर्सिंग से मानदेय पर कर्मचारियों को लगाना तय किया गया। मिल की मशीनरी के चल रहे मरम्मत कार्य की समीक्षा की गई। इसमें स्पष्ट हुआ कि अब तक मरम्मत का 49 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। घोषणा पत्रों की समीक्षा में स्पष्ट हुआ कि अब तक 80 प्रतिशत घोषणा पत्र जमा हो गए हैं। वहीं मिल के गोदामों में भंडारित तीन लाख बोरी चीनी को अतिशीघ्र बेचने, भंडारित शीरे की अतिशीघ्र बिक्री कराने, अधूरी चहारदीवारी को पूरा कराने, चीनी मिल परिसर में किसी प्राइवेट कंपनी का टावर लगवाने, शेष गन्ना मूल्य भुगतान अतिशीघ्र कराए जाने, मिल की आय बढ़ाने, नया पेराई सत्र शुरू होने से पहले वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक कराने, मिल के विद्यालय की बदहाली दूर कराने, मिल को घाटे से उबारने और मिल परिसर में लोगों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने, के प्रस्ताव पास किए गए। एक संचालक ने मिल कार्यालय के कर्मचारियों के काउंटर बदलवाने का प्रस्ताव पेश किया, जिसे अस्वीकृत कर दिया गया। बैठक का संचालन मिल के जीएम सुरेश चंद्रा ने किया। इस मौकेपर एसडीएम वंदना त्रिवेदी, उपाध्यक्ष सियाराम शास्त्री, संचालक राकेश मित्तल, रामप्रकाश मिश्रा, कामता प्रसाद वर्मा, रुद्रपाल गंगवार, सत्येंद्र सिंह, जमुना प्रसाद, महीपाल गंगवार, मनमोहन सिंह, राकेश प्रताप, केके मिश्रा, नीरज शुक्ला, दीपक मिश्रा, सुनील शर्मा आदि मौजूद रहे।