पीलीभीत/मझोला। नवनिर्मित मझोला-टनकपुर ब्राडगेज ट्रैक पर रेल अफसरों की मौजूदगी में स्पीड ट्रायल गुरुवार को सफल रहा। उक्त रेल ट्रैक पर इंजन 100 से 105 किमी की रफ्तार से दौड़ा। रेल अफसरों के मुताबिक स्पीड ट्रायल की रिपोर्ट कमीशन ऑफ रेलवे सेफ्टी को भेजी जाएगी।
भोजीपुरा-पीलीभीत-टनकपुर के ब्राडगेज कंवर्जन कार्य के तीसरे चरण के तहत मझोला-टनकपुर के बीच बनाए गए नवनिर्मित ब्राडगेज ट्रैक का बृहस्पतिवार को स्पीड ट्रायल हुआ। उप मुख्य इंजीनियर दूरसंचार एवं निर्माण जेपी शर्मा व सीनियर सेक्शन इंजीनियर निर्माण रियाज अहमद की देखरेख में मझोला रेलवे स्टेशन से अपराह्न 11.05 बजे इंजन टनकपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुआ। इज्जतनगर मंडल कार्यालय के अनुसार स्पीड ट्रायल के तहत इंजन 80 किमी से 100 किमी रफ्तार से टनकपुर दोपहर 12.15 बजे पहुंचा। टनकपुर रेलवे स्टेशन से इंजन को पुन: मझोला के लिए 01.15 बजे रवाना किया गया, जोकि 100 से 105 किमी की रफ्तार से मझोला रेलवे स्टेशन पर दो बजे पहुंचा। हालांकि स्पीड ट्रायल शुरू होने से दो दिन पूर्व ही नवनिर्मित रेल ट्रैक के आसपास के गांवों के लोगों को इसकी जानकारी दे दी गई थी कि वह स्पीड ट्रायल के दौरान पटरी से दूर रहे, लेकिन इसके बावजूद दो बंदर व एक कुत्ते इंजन की चपेट में आ गए। स्पीड ट्रायल सफल होने से रेल अफसरों में खुशी देखी गई। रेल अफसरों के मुताबिक स्पीड ट्रायल रिपोर्ट कमीशन ऑफ रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) को भेजी जाएगी। इधर केंद्रीय संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण की तिथि भी घोषित की जा चुकी है। संरक्षा आयुक्त 29 व 30 दिसंबर को नवनिर्मित रेल ट्रैक का निरीक्षण करेंगे। उनकी हरी झंडी मिलने के बाद ही मझोला से टनकपुर के बीच रेल सेवा शुरू कर दी जाएगी। स्पीड ट्रायल के दौरान यातायात निरीक्षक संजीव अग्रवाल, लोको निरीक्षक राकेश राणा, लोको पायलट महेंद्र सिंह, सहायक लोको पायलट रामकृष्ण मीणा आदि अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
वर्जन:
मझोला-टनकपुर रेल ट्रैक पर बृहस्पतिवार को सौ से 105 किमी की रफ्तार से स्पीड ट्रायल हुआ है। स्पीड ट्रायल सफल रहा। अब उक्त ब्राडगेज रेल ट्रैक पर संरक्षा आयुक्त द्वारा निरीक्षण किया जाना है। उम्मीद है कि नए साल पर मझोला से टनकपुर के बीच बड़ी रेल सेवा शुरू करा दी जाएगी।
राजेंद्र सिंह, पीआरओ, इज्जतनगर मंडल कार्यालय
---