पीलीभीत/ जमुनिया। माधोटांडा रोड पर सिद्धबाबा स्थल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 52 वर्षीय गुरमीत सिंह उर्फ मंगा की मौत हो गई। वह पीलीभीत से अपने घर लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची गजरौला पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। परिवारीजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
माधोटांडा क्षेत्र के ग्राम भैरों खुर्द निवासी गुरमीत सिंह खेती करते थे। बुधवार को उन्होंने साठा धान ट्रैक्टर-ट्राली में पीलीभीत बेचने को भेजा था। वह बाइक पर धान की बिक्री के रुपये लेने पीलीभीत गए। वहां देर शाम वह बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। माधोटांडा रोड पर सिद्धबाबा स्थल के पास पहुंचते ही बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें गंभीर चोटें आने से गुरमीत सिंह की मौके पर मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर गजरौला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की सूचना पर परिवार वाले भी मौके पर जा पहुंचे। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिवारीजनों ने बताया कि गुरमीत के दो बेटे पवनदीप, सिमरनजीत सिंह और एक विवाहित पुत्री पवनदीप कौर है। हादसे का पता लगने पर परिवार में कोहराम मच गया।