पीलीभीत। जिले में 300 आंगनबाड़ी सहायिकाओं की चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाएं बेहतर हो सकेंगी। इसके साथ ही 150 अन्य सहायिकाओं की नियुक्त की जानी है। इसके लिए भी विभाग ने कवायद तेज कर दी है।
गर्भवती, धात्री और नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन किया जा रहा है। जिले में करीब 1960 केंद्रों का संचालन हो रहा है। इन केंद्रों पर सहायिकाओं की कमी के चलते कामकाज प्रभावित हो रहा था। इसको लेकर शासन स्तर से लगातार पत्राचार किया गया। शासन से मिली हरी झंडी के बाद विभागीय स्तर से कार्रवाई पूरी कर करीब 300 महिलाओं का सहायिकाओं के पद पर चयन किया गया है। इन सभी महिलाओं को विभाग की ओर से नियुक्ति पत्र वितरित कर दिए गए हैं। अधिकांश सहायिकाओं ने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
150 अन्य सहायिकाओं का भी होगा चयन
अभी ललौरीखेड़ा और अमरिया ब्लॉक में करीब 150 अन्य महिला सहायिकाओं को लगाया जाना है। इसको लेकर अफसरों की ओर से कवायद तेज कर दी गई है। जल्द ही इन महिलाओं की चयन प्रक्रिया का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी युगल किशोर सांगुड़ी ने बताया कि करीब 300 सहायिकाओं का चयन कर लिया गया है। ललौरीखेड़ा और अमरिया ब्लॉक में सहायिकाओं की भर्ती की जानी है। जल्द ही इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। संवाद