डीएम के निर्देश पर नगर पालिका के जेई के नेतृत्व में टीम ने मोहल्ला कुंवरगढ़ में नाले पर किए गए अतिक्रमण को चिह्नित किया। अब पालिका इन सभी 22 अतिक्रमणकारियों को नोटिस भेजने की तैयारी कर रहा है। मोहल्ला कुंवरगढ़ के एक व्यक्ति ने कुछ दिन पूर्व जन सुनवाई के दौरान डीएम से कुछ लोगों पर अतिक्रमण करने की शिकायत की थी। जिस पर डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच कर अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए थे। बुधवार को नगर पालिका के जेई दिनेश कुमार राजपूत के नेतृत्व में टीम मोहल्ला कुंवरगढ़ पहुंची। यहां टीम ने नाले पर किए गए अतिक्रमण को चिह्नित किया। जेई ने बताया कि कुल 22 स्थानों पर नाले के ऊपर अतिक्रमण पाया गया है। इन सभी भवनस्वामियों को मौखिक रूप से अतिक्रमण हटा लेने के लिए कहा गया। इस सभी को पालिका द्वारा नोटिस भी भेजा जा रहा है। सात दिन के भीतर अतिक्रमण न हटने पर पालिका द्वारा अतिक्रमण हटवाया जाएगा। टीम में संपत्ति अधिकारी संतोष कुमार, मोहम्मद अजहर, ओमप्रकाश, संजय, रामकृष्ण शामिल रहे।