पीलीभीत। यूपी बोर्ड परीक्षा के तहत बुधवार को जिले के 65 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा हुई। वही बुधवार को भी चार परीक्षा केंद्रों पर बिना स्टेटिक मजिस्ट्रेट के ही परीक्षा कराई गई। जिले में बुधवार को प्रथम पाली में सदर तहसील के 35 परीक्षा केंद्रों, पूरनपुर के 14 और बीसलपुर तहसील के 16 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा हुई। प्रथम पाली में हाईस्कूल गृह विज्ञान और इंटरमीडिएट औद्योगिक संगठन विषय की परीक्षा हुई। जिसमें हाईस्कूल के पंजीकृत 10381 के सापेक्ष 9356 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1025 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। पहली पाली में ही इंटरमीडिएट के पंजीकृत एकमात्र परीक्षार्थी ने परीक्षा दी। डीआईओएस संत प्रकाश समेत अन्य सचल दलों ने धनकुना समेत कई अन्य परीक्षा केंद्रों पर छापा मार कर परीक्षा का जायजा लिया। इधर बुधवार को भी करीब चार परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट नहीं पहुंचे। जबकि शासन द्वारा स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र के पैकेट खुलवाने से लेकर उत्तर पुस्तिकाओं को सील करवाने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में डीआईओएस संत प्रकाश ने बताया कि कुछ स्टेटिक मजिस्ट्रेट मतदान संबंधी कार्य में लगे हैं। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।