पीलीभीत। चार दिवसीय दौरे को लेकर रविवार शाम सात बजे पीलीभीत पहुंची केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं जिले की सांसद मेनका गांधी का अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने पर खलबली मच गई। आनन-फानन में जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. रतनपाल सिंह सुमन टीम के साथ अस्थाई आवास शंकर साल्वेंट पहुंचे और चेकअप किया। इसमें सब नार्मल निकला है। अब उनका स्वास्थ्य ठीक है। केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी दिन भर सफर करने के बाद रविवार शाम को बीसलपुर रोड स्थित अपने अस्थाई आवास शंकर साल्वेंट पर पहुंची। वहां पहुंचने पर उनको चक्कर आने लगे और स्वास्थ्य बिगड़ने लगा। इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग तक पहुंची तो हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. रतनपाल सिंह सुमन, एसीएमओ अश्वनी कुमार और वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. सीबी चौरसिया की टीम शंकर साल्वेंट पहुंची। यहां पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री का चेकअप किया गया। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को चक्कर आने की शिकायत थी। इस पर स्वास्थ्य टीम भेजी गई थी। चेकअप में सभी सामान्य निकला है। इधर, केंद्रीय मंत्री के प्रवक्ता एमआर मलिक ने बताया कि सफर के दौरान कुछ थकावट हो गई थी। उनका रूटीन चेकअप कराया गया है। सब नार्मल निकला है, कोई चिंता की बात नहीं है। सोमवार से वह तय कार्यक्रम के तहत क्षेत्र में निकलेंगी।