वनकर्मियों ने मौका मुआयना कर पगचिह्न ट्रेस किए
मझोला (पीलीभीत)। जंगल से दूर अमरिया तहसील क्षेत्र में लंबे समय से डेरा जमाए बाघ की चहलकदमी रुकने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को चहलकदमी कर रहा बाघ न्यूरिया क्षेत्र के सूरजपुर फार्म के निकट पहुंच गया। यहां खेत पर पहुंचे फार्म स्वामी रक्षपाल सिंह की नजर बाघ के पगचिह्न पर पड़ते ही पसीने छूट गए। सूचना के बाद वनकर्मियों ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई।
लंबे समय से बाघ का कुनबा अमरिया तहसील क्षेत्र में मौजूदगी दर्ज कर दहशत का पर्याय बना हुआ है। यहां आधा दर्जन से अधिक गांव की सीमा क्षेत्र में बाघ की चहलकदमी जारी है। बुधवार दोपहर बाद बाघ न्यूरिया क्षेत्र के अंतर्गत सूरजपुर फार्म के निकट पहुंच गया। यहां खेत की ओर निकले फार्म स्वामी रक्षपाल सिंह के उस समय पसीने छूट गए जब खेत पर पहुंचते ही उनकी नजर वहां बने बाघ के पगचिह्न पर पड़ी। डर से सहमा किसान फार्म हाउस की ओर वापस लौट आया और सूचना वनकर्मियों को दी। सूचना के बाद टीम प्रभारी अवनीश गंगवार, मुश्ताक अहमद और अंकित के साथ मौके पर पहुंचे। टीम प्रभारी ने बताया कि बाघ के पगचिह्न ट्रेस किए गए हैं। ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है।