03 पीबीटीपी 1,2
शार्ट सर्किट से टेलीफोन एक्सचेंज में लगी आग
केबल जलने से ठप हुआ एक टावर, दमकल में पाया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। पुराने टेलीफोन एक्सचेंज में शार्ट सर्किट के बाद सिस्टम कक्ष में केबलों में आग लग गई। कॉलोनी के लोगों की सूचना पर दमकल टीम और सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू किया जा सका। हादसे के चलते हड़कंप मचा रहा। जिसको लेकर करीब पांच हजार से अधिक मोबाइल उपभोक्ताओं को दिक्कत होने की बात विभागीय अधिकारियों ने कही है।
हादसा मंगलवार रात साढ़े नौ बजे के बाद हुआ। एलएच रोड स्थित पुराने टेलीफोन एक्सचेंज में पीछे की तरफ बने सिस्टम कक्ष में शार्ट सर्किट के बाद आग लग गई। पहले तो इसकी जानकारी नहीं हो सकी, लेकिन कुछ ही देर में आग भीषण हो गई। कक्ष की खिड़की से आग की लपटें और धुआं निकलता दिखाई दिया। टहलने निकले कॉलोनी के लोगों ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी। जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग को जानकारी दी गई। कुछ ही देर में दमकल कर्मी और सुनगढ़ी थाने से पुलिसकर्मी आ गए। करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू किया गया। स्टाफ ने पहुंचकर कमरे में रखे आवश्यक अभिलेख सुरक्षित किए। टीडीएम अनिल कुमार ने बताया कि हादसे में अधिक नुकसान नहीं हुआ है। केबल जलने से एक टावर की सप्लाई बाधित हुई है। उसका सुधार कराया जा रहा है, बुधवार रात तक इसको सुचारू कर दिया जाएगा।