खेकड़ा (बागपत)।
नगर के बुनकर महबूब को लखनऊ में गणतंत्र दिवस पर हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग विभाग ने सम्मानित किया। क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले बुनकर महबूब को बधाई देने के लिए रविवार को क्षेत्र के बुनकरों का तांता लगा रहा।
खेकड़ा नगर की नाला पार बस्ती निवासी बुनकर महबूब कपड़ों की अच्छी बुनाई में माहिर है। विगत दिनों हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग विभाग लखनऊ से आई टीम खेकड़ा में लगाई हथकरघा की प्रदर्शनी में आकर बुनकरों की नई तकनीक को देख चुकी है। इसमें सर्वाधिक खेकड़ा के बुनकर महबूब द्वारा तैयार किए कपडे़ आकर्षण का केंद्र बने। इसके चलते हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग विभाग लखनऊ ने गणतंत्र दिवस पर बुनकर महबूब को लखनऊ में आयोजित अवध शिल्प ग्राम मेले में शॉल, प्रशस्ति पत्र के साथ ही पच्चीस हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया। लखनऊ से लौटने पर नगर का नाम रोशन करने वाले बुनकर महबूब को बुनकरों ने बधाई दी। इस दौरान मोहम्मद इनाम, बाबू अंसारी, ताज मोहम्मद, इरशाद अंसारी, इलियास, डॉ. फरमान, चौधरी करतार सिंह, चौधरी इदरीश, मोहम्मद असलम आदि रहे।