पलटे टैंकर को क्रेनों से सीधी करते समय चिंगारी से लगी आग
कई पेड़ झुलसे, टैंकर फटने की आशंका से दशहत
पूरनपुर। सड़क के चौड़ीकरण के लिए असम हाईवे पर सड़क निर्माण को खोदी गई साइड में कोहरे के चलते एथाइल अल्कोहल से भरा टैंकर बुधवार रात 11 बजे असम हाईवे पर गोमती गुरुद्वारा के पास पलट गया। क्रेन से टैंकर को सीधा करने के प्रयास में उसमें आग लग गई। टैंकर से निकलकर पानी में बहे एथाइल एल्कोहल भी जलने लगा। पानी में मिले एथाइल अल्कोहल में आग से पानी गरम हो गया जिससे कई मछलियां मर गई। आसपास के पेड़ भी झुलस गए। घटना से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। आग का गोला बने टैंकर के फटने के भय से लोगों में दहशत बनी रही। आबकारी इंस्पेक्टर ने घटना स्थल पहुंचकर जांच की है।
इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह यादव ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों को टैंकर में एथाइल अल्कोहल होने की जानकारी देकर लोगों को दूर रहने की चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि टैंकर लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ से दिल्ली जा रहा था। टैंकर पलटने की जानकारी पर टैंकर मालिक ने दो क्रेन मौके पर भेजा। गुरुवार तड़के तीन बजे क्रेनों से टैंकर को सीधा करने का प्रयास किया जा रहा था कि इसी बीच क्रेनों के लोहे के रस्से से निकली चिंगारी से टैंकर में आग लग गई। इससे टैंकर धू-धू कर जलने लगा। आग पर काबू पाने के लिए कोतवाली से फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। इसके बाद भी आग पर काबू न होने पर जिला मुख्यालय से फायर ब्रिगेड बुलाई गई। टैंकर से एथाइल अल्कोहल बहकर पास ही स्थित तालाब में बह गया। अल्कोहल में आग से मछलियां मर गईं। आसपास के पेड़ भी झुलस गए। घटना से आसाम हाईवे पर जाम से दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। हालांकि बाद में वाहनों के चालकों को सावधानी पूर्वक अपने वाहन निकालने की हिदायत दी गई। जल रहा टैंकर कहीं फट न जाए को लेकर आसपास के लोगों में हड़कंप मचा रहा। उन्होंने बताया कि हादसे में करीब तीस लाख रुपये का अल्कोहल जलना बताया जा रहा है। उधर, आबकारी निरीक्षक जितेंद्र त्रिपाठी ने घटना स्थल पहुंचकर जांच की। उन्होंने बताया कि अल्कोहल रास्ते में कहीं चोरी कर टैंकर में आग साजिशन तो नहीं लगाई गई? आदि की जांच की जा रही है।
खोदी गई पटरी दे रही हादसे को दावत
पूरनपुर। असम हाईवे के चौड़ीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। सड़क किनारे के वृक्षों का कटान कर सड़क की दोनों साइडें खोद दी गई हैं। करीब तीन-तीन फिट के गड्ढेे हादसे को दावत दे रहे हैं। दरअसल कोहरे को लेकर वाहन चालक खोदी गई सड़क को नहीं देख पाते और हादसे हो रहे हैं। पिछले दिनों नेपाल जा रही बस सड़क के गड्ढे में पलटने से दो बस यात्रियों की मौत हो गई थी। इसके अलावा अन्य हादसे भी हो चुके हैं। खोदी गई सड़क को लेकर रेडियम प्लेट आदि न लगाने को लेकर लोगों में रोष है।