बरखेड़ा (पीलीभीत)। एक लाख रुपये और बाइक की मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर लड़के के परिवारीजनों ने शादी करने से इनकार कर दिया। लड़की के परिवार ने काफी मनाने की कोशिश की, लेकिन एक न सुनी। पुलिस ने तहरीर मिलने पर दहेजलोभी आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी शिकंजा कसा है।
बरखेड़ा क्षेत्र के एक गांव के निवासी युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी पुत्री का रिश्ता तिलहर (शाहजहांपुर) के धनौरा गांव निवासी रवि से तय की थी। दस मई को तिलक की रस्म अदा की गई। इसके बाद 13 मई को गोद भराई की रस्म पूरी हुई। शादी की तिथि तय करने के लिए लगातार रवि के परिवार वाले टालमटोल करते रहे। इस पर कुछ शक होने पर पीड़ित ने उनके घर जाकर बातचीत की। इसमें आरोपियों ने एक लाख रुपये, बाइक, एलसीडी एवं अन्य घरेलू सामान की मांग रख दी। इसे पूरा करने में असमर्थता जताने पर शादी से इनकार कर दिया। इसके अलावा दूसरी जगह रवि की शादी तय कर दी। एसएचओ राजेश कुमार मौर्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी रवि और उसके पिता होरीलाल के खिलाफ एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।