नेशनल इंट्रीगेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) की ओर से 21 जून को नेहरू पार्क
में वृहद योग दिवस आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी नीमा की बैठक में दी गई।
शहर
के नकटादाना चौराहा के समीप एक क्लीनिक में हुई शनिवार को हुई बैठक में
नीमा अध्यक्ष डॉ. मनोज गुप्ता ने बताया कि आयुष मंत्रालय की ओर से
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सामंजस्य और शांति के लिए योग विषय पर आधारित योग
कार्यक्रम सुबह छह बजे से शुरू होगा। इसको लेकर पांच सदस्यीय कार्यक्रम
समिति का चयन किया गया है। इसमें डॉ. अनिल सक्सेना कार्यक्रम संयोजक व
कमेटी चेयरमैन, डॉ. प्रदीप अग्रवाल, डॉ. अश्वनी सचदेवा, डॉ. विनय शर्मा,
डॉ. अफसर कुरैशी, डॉ. मनोज गुप्ता, डॉ. अनिल मिश्रा सदस्य चुने गए। नीमा
सचिव डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि आयुष मंत्रालय की ओर से प्रस्तावित
सामान्य योग अभ्यास क्रम के अनुसार ही योग कार्यक्रम संपन्न होगा। इसमें
ग्रीवा चालन, कटिचालन, ताड़ासन, वृक्षासन, शशांकासन, वक्रासन, भुजंगासन आदि
का अभ्यास कराया जाएगा। बैठक में अध्यक्ष व सचिव ने सभी चिकित्सकों एवं
सामाजिक संस्थाओं से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की। बैठक में अध्यक्ष
ने आईएमए, ड्रग एसोसिएशन, एमआर एसोसिएशन व अन्य संस्थाओं को आमंत्रित करने
पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर तमाम चिकित्सक मौजूद रहे।