मीजल्स रुबेला टीकाकरण अभियान को सफल बनाने व इसको लेकर फैली गलत फहमियों को दूर करने के लिए एनएचएम के मिशन निदेशक पंकज कुमार ने सीएमओ को पत्र भेजा है। पत्र में धर्म गुरुओं, सामाजिक लोगों आदि के साथ बैठक कर उनके सहयोग से अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
मीजल्स रुबेला जैसे खतरनाक वायरस से बच्चों को बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग डब्ल्यूएचओ के साथ मिलकर अभियान चला रहा है। उसके बाद भी जानलेवा बीमारी के प्रति लोग जागरूक नहीं है। बीते दिनों टीकाकरण के बाद बच्चों की तबियत बिगड़ने के बाद फैली गलत फहमियों को दूर शत प्रतिशत टीकारण हो सके इसको लेकर मिशन निदेशक ने धर्म गुरुओं, सामाजिक लोगों आदि का सहयोग लेने की योजना बनाई है। ऐसा इसलिए किया गया है कि क्योंकि यहां से निकली बात समाज में आसानी से स्वीकार कर ली जाती है। सीएमओ को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि शत प्रतिशत टीकाकरण के लिए जिलों में ब्लॉक स्तर पर धार्मिक गुरुओं/ सामाजिक व्यक्तियों की बैठक आयोजित कराई जाए। बैठक में नियमित टीकाकरण को बढ़ाने में आने वाली समस्याओं पर चर्चा की जाए।
बैठक के लिए मुख्य दिशा निर्देश
जिला और ब्लॉक स्तर पर होने वाली धर्म गुरुओं की बैठक जिला/ ब्लॉक स्तरीय वरिष्ठ अधिकारियों अध्यक्षता में होगी। इसमें 20 धर्म गुुरुओं के अलावा क्षेत्र के प्रभावशाली लोगों को बुलाया जाएगा। सभी को नियमित टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। उनके क्षेत्र में पूर्ण टीकाकरण न कराने वाले/ बीच में छोड़ने वालों से सहयोग की अपेक्षा की जाएगी। यह कार्यशाला जिला प्रतिरक्षण अधिकारी के नेतृत्व में होगी। इसके बाद जिला प्रतिरक्षण अधिकारी कार्ययोजना और उपभोग प्रमाणपत्र के साथ जिलावार रिपोर्ट प्रेषित करेंगे।