फॉल्ट से एक बार फिर चरमराई विद्युत सप्लाई
कई इलाकों में रात भर रहा ब्लैक आउट
दूसरे दिन सुधार तो हुआ, लेकिन आंख मिचौली रही जारी
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। बेपटरी बिजली व्यवस्था का सुधार नहीं हो पा रहा है। शुक्रवार रात एक बार फिर फॉल्ट के नाम पर लोगों को अघोषित कटौती की मार झेलनी पड़ी। कई इलाकों में रात भर ब्लैक आउट की स्थिति बनी रही। गर्मी के बीच लोग परेशान होते रहे।
बुधवार से लड़खड़ाई बिजली सप्लाई को लेकर विभागीय अधिकारी कार्य जारी होने की बयानबाजी कर रहे हैं, लेकिन लोगों की समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो सका है। शुक्रवार को दिन भर लो-वोल्टेज ने लोगों को रुलाया। इसके बाद रात को फॉल्ट के नाम पर बिजली सप्लाई ठप पड़ गई। निरंजनकुंज, डोरीलाल, अस्पताल, सुभाष नगर समेत कई इलाकों में रात भर बिजली संकट बना रहा। लोग अधिकारियों कर्मचारियों के नंबर लगाकर बिजली आने की जानकारी करने में जुटे रहे। इधर गर्मी की मार के बीच बिजली का न होना मुसीबत बढ़ा गया। बच्चों से लेकर बड़े तक हर कोई परेशान रहा। काफी इंतजार के बाद भी सप्लाई सुचारू न होने पर गुस्साए कई उपभोक्ता रात को ही बाजार गेट बिजली घर पहुंच गए और इसको लेकर कर्मचारियों से नाराजगी जताई। हालांकि इसका कोई हल नहीं निकल सका। दूसरे दिन शनिवार सुबह इसका सुधार कराकर सप्लाई सुचारू की गई, लेकिन बिजली आने-जाने का कोई निश्चित समय नहीं रहा। इसके साथ ही पानी की समस्या भी लोगों के लिए मुसीबत बनी रही। बिजली सप्लाई बाधित होने से लोग पानी के लिए भी परेशान होते रहे। एसडीओ रनवीर सिंह ने बताया कि फॉल्ट सही कराकर व्यवस्था सुचारू कर दी गई है। व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कराया जा रहा है।