खेकड़ा (बागपत)।
सदा शिव शक्ति मंदिर के सामने मंदिरों के पुजारियों ने एकत्र होकर प्रदर्शन कर कहा कई दशक पुराने शिव मंदिर के पुजारी को किसी व्यक्ति द्वारा झूठी शिकायत करने पर पालिका अफसरों ने अपमानजनक शब्दों के प्रयोग कर मंदिर ध्वस्त करने का नोटिस भेजकर पुजारी एवं भक्तों की आस्था को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा जिलाधिकारी ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो प्रदेश के समस्त मंदिरों के पुजारी एकजुट हो उग्र आंदोलन शुरू करेंगे।
रविवार को नगर के रेलवे रोड स्थित सदाशिव शक्ति मंदिर में नगर क्षेत्र के समस्त मंदिरों के पुजारी एकत्र हुए। उन्होंने प्रदर्शन कर कहा करीब तीन दशक पूर्व सर्व समाज एवं नगर पालिका के दिवंगत चेयरमैन सत्यप्रकाश मित्तल ने मंदिर का निर्माण कराया, तभी से मंदिर पंजीकृत है। आस पास के कई लोग मंदिर के सामने प्रतिदिन अपने घरों की गंदगी डालते हैं। मंदिर के पुजारी के मना करने पर एक दो लोगों ने झूठी शिकायत कर दी और मंदिर के पुजारी हेमंत व्यास अथवा मंदिर कमेटी के लोगों का पक्ष सुने बिना ही गत एक सप्ताह पूर्व पुजारी को एक अधिकारी ने एक महीने तक के लिए अपने आफिस में बुलाकर जेल भिजवाने की धमकी दी। अब नगर पालिका से मंदिर के पुजारी को नोटिस भेज, इसमें नशेड़ी, शराबी, जुआरी बताकर पंद्रह दिन में शिव मंदिर और उसकी सीढ़ी तुड़वाने के आदेश जारी कर चेतावनी दी। यदि पंद्रह दिन में शिव मंदिर आदि नहीं तुड़वाया तो पालिका शिव मंदिर और उस पर आने जाने वाले रास्ते को तुड़वाने का खर्च पुजारी से वहन करेगी।
आक्रोशित पुजारियों ने कहा पालिक ाइस बात को साबित करके दिखाए कभी पुजारी ने नशे का सेवन किया है क्या। आज तक उसकी कोई भी शिकायत किसी भक्त अथवा आम आदमी ने की हो, अथवा कोई यह बात साबित करके दिखा दे तो उक्त मंदिर ही नहीं सभी मंदिरों के पुजारी त्याग पत्र देकर चले जाएंगे। यह पुजारी समाज का अपमान है। इसे बर्दास्त नहीं करेंगे। उन्होंने जिलाधिकारी से उक्त अभद्र भाषा के साथ नोटिस भेजने वाले नगर पालिका के अधिकारी के साथ ही झूठी शिकायत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की अन्यथा सभी पुजारी यहां पर जनपद के साथ ही पूरे प्रदेश के पुजारियों को एकत्र कर उग्र आंदोलन शुरू करेंगे। इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी। पुजारियों का अपमान बर्दास्त नहीं किया जायेगा। इस दौरान पुजारी प्रवीन द्विवेदी, नवीन व्यास, दीपक शर्मा, हरीश शर्मा, प्रवेश शर्मा, सोनू शर्मा, महेश वशिष्ठ, जितेंद्र शर्मा, अनिल गोनियाल, नंदिनी तिवारी, सोमिल अवस्थी, हेमंत व्यास आदि रहे।
दूसरी तरफ नगर पालिका के हैड क्लर्क नीरज शर्मा ने कहा उन्होंने उक्त भाषा का प्रयोग नोटिस में इसलिए किया है कि शिकायत कर्ता ने भी इसी भाषा का प्रयोग कर उनके यहां शिकायत की। पुजारी का पक्ष जानने की बात पर वह जवाब नहीं दे पाए।