सिविल लाइंस नार्थ कॉलोनी के 20 कनेक्शन काटे, हंगामा
सिविल लाइन नार्थ इलाके में 20 उपभोक्ताओं के कनेक्शन बिना किसी नोटिस दिए एकाएक काट दिए गए। इसके विरोध में उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को बिजली विभाग अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर प्रदर्शन किया उपभोक्ताओं ने विभाग पर सुविधा शुल्क के लिए दबाव बनाने के लिए कार्रवाई करने घर मौजूद महिलाओं से अभद्रता करने का आरोप लगाया। हालांकि बिजली विभाग अधिकारियों ने इसे शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन के तहत कार्रवाई बताया। केजीएन कॉलोनी से सटी सिविल लाइंस नार्थ कॉलोनी के एक हिस्से में रहने वाले करीब बीस परिवारों के बिजली कनेक्शन शुक्रवार को अवैध बताकर काट दिए गए। वहां के लोगों का कहना है कि पांच साल पहले बसी इस कॉलोनी में जिन लोगों पर बिजली विभाग की ओर से कार्रवाई की गई थी, उन्होंने तीन साल पहले बिजली कनेक्शन लिए थे। तभी से लगातार बिजली का बिल जमा किया जा रहा है। अब बिना नोटिस दिए विद्युत विभाग की टीम ने कनेक्शन काट दिए। लोगों का आरोप था कि जेई सरफुद्दीन सुविधा शुल्क लेने के लिए दबाव बना रहे हैं। इसी को लेकर कार्रवाई की गई है। कनेक्शन काटने पहुंची टीम में शामिल कर्मचारियों ने घर में मौजूद महिलाओं से अभद्रता की।
शुक्रवार सुबह पीड़ित परिवार व्यापार मंडल अध्यक्ष आफरोज जिलानी के पास पहुंचे और शिकायत की। इसके बाद कॉलोनी परिसर में बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन करने वालों में अब्दुल जलील निजामी, अकील अहमद, नुसरत फातिमा, मोहम्मद हनीफ, अकील अहमद, वसी अहमद, पुत्तन आदि रहे।