पीलीभीत। जिले में छह दिवसीय सामाजिक सुरक्षा अभियान के तहत 1,969 गन्ना कृषकों और उनके परिजनों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं बीमा योजनाओं से जोड़ा गया। अभियान के दौरान गन्ना समितियों पर आयोजित गोष्ठियों में किसानों को केंद्र सरकार की बीमा और पेंशन योजनाओं की जानकारी देकर मौके पर नामांकन भी कराया गया।
छह जुलाई से 11 जुलाई तक चले अभियान के अंतर्गत सहकारी गन्ना विकास समिति पीलीभीत में चार, बीसलपुर में दो, मझोला में तीन तथा पूरनपुर में तीन किसान गोष्ठियों का आयोजन किया गया। इनमें गन्ना विकास विभाग, विभिन्न बैंकों और इफको के प्रतिनिधियों ने किसानों को योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। गोष्ठियों में किसानों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस), अटल पेंशन योजना और प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के बारे में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 18 से 70 वर्ष तक के बचत बैंक खाताधारकों को मात्र 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा मिलता है। वहीं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के खाताधारकों को 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर दो लाख रुपये का जीवन बीमा उपलब्ध कराया जाता है। जिला गन्ना अधिकारी खुशी राम भार्गव ने बताया कि अभियान का उद्देश्य गन्ना किसानों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाना है। अभियान के दौरान 1,672 पुरुष और 297 महिलाओं सहित कुल 1,969 लाभार्थियों का विभिन्न योजनाओं में पंजीकरण कराया गया।