पीलीभीत। पूरनपुर मार्ग पर गुलाबटांडा गांव के पास बाइक और साइकिल की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद परिवार में चीख पुकार मच गई है।
कस्बा माधोटांडा निवासी 25 वर्षीय सुरेश पुत्र जसवंत कुमार मजदूरी करते थे। शुक्रवार रात करीब नौ बजे वह पूरनपुर जाने के लिए बाइक से निकले। बाइक चलाते वक्त उन्होंने हेलमेट नहीं लगाया था। माधोटांडा-पूरनपुर मार्ग पर गुलाबटांडा गांव के पास पहुंचते ही बाइक साइकिल से टकरा गई। हादसे में सुरेश गंभीर रुप से घायल हो गए, जबकि साइकिल सवार मौके से भाग गया। इसकी सूचना मिलने पर माधोटांडा पुलिस मौके पर पहुंची। आननफानन में घायल सुरेश को सीएचसी माधोटांडा लाया गया, वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खबर मिलने पर परिवार वाले भी आ गए। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर उमेश कुमार सोलंकी ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना देकर बुला लिया गया है। शव का शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।