बीसलपुर। नगर पालिका परिषद के चेयरमैन नूर अहमद अंसारी ने शनिवार को नगर के विभिन्न इलाकों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान 15 सफाई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इनका एक-एक दिन का वेतन काटा जाएगा। नगर पालिका परिषद के चेयरमैन नूर अहमद अंसारी ने शनिवार को ईदगाह चौराहा, बारह पत्थर चौराहा, नावल्टी तिराहा, स्टेशन तिराहा, छोटा चौराहा, मठिया चौराहा, बड़ा चौराहा, फैक्ट्री रोड, पीलीभीत रोड, बरेली रोड और डिग्री कॉलेज रोड आदि इलाकों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण में धीरज कुमार, पप्पू, शंकर, सतीश चंद्र, अलका देवी, अनीता देवी, बबलू, राजेश कुमार, उमेश कुमार, कमल किशोर, अमित कुमार, विनोद कुमार, शशि देवी, संजू और सफाई नायक कलीम अहमद अनुपस्थित मिले। इन कर्मचारियों के काम पर न आने के कारण उनके इलाकों में गंदगी के ढेर लगे मिले। चेयरमैन ने इस पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए सफाई निरीक्षक अंकित वर्मा को सभी का एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।