बीसलपुर। किसान मजदूर संगठन की रविवार को हुई बैठक में स्थानीय समस्याओं का निस्तारण न होने पर प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। मोहल्ला ग्यासपुर में ईदगाह चौराहे पर हुई बैठक में चौराहे पर अनधिकृत खड़े होने वाले वाहनों पर रोक लगाने, ढीले होकर नीचे झूल रहे बिजली के तारों को ऊंचा कराने, चीनी मिल गेट पर सड़क किनारे खड़े होने वाले गन्ना लदे वाहनों को मिल यार्ड में खड़ा कराने, दियोरिया रोड पर रोडवेज की बसें चलाने, बरेली रोड का निर्माण तेजी से पूरा कराने और गन्ना माफिया को क्लीन चिट देने वाले गन्ना समिति संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग प्रशासन से की गई। तय किया गया कि यदि एक सप्ताह में मांगें पूरी नहीं की गईं तो धरना प्रदर्शन और चक्का जाम किया जाएगा। अध्यक्षता तहसील संयोजक गुल्लू पहलवान और संचालन तुलाराम ने किया। बैठक में प्रेमपाल, रोहिताश कुमार, नत्थूलाल, कन्हईलाल, प्यारेलाल, शानू कुरैशी, भूरा, शामिक, महमूद, हनीफ, शाहिद, पप्पू, कलीम, सगीर, वसीम, मोहिद आदि मौजूद रहे।