बंद मकानों से चोरी के मामले में एसपी सख्त
पीलीभीत। पिंक सिटी कॉलोनी में तीन बंद मकानों में हुई चोरी के मामले में पुलिस की मुस्तैदी का पता लगाने को एसपी की ओर से की गई जांच में यूपी 100 को राहत मिली है। सिविल लाइन चौकी पुलिस की लापरवाही उजागर हुई है। ऐसे में अब लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर गाज गिरती दिखाई दे रही है। अफसर भी जल्द कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं।
सिविल लाइन नार्थ इलाके में पिंक सिटी कॉलोनी के निवासी उवैत, मोहम्मद खालिद और परवेज के बंद मकान से रविवार रात चोरों ने लाखों का नकदी-जेवरात समेट लिया था। इसकी अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी बालेंदु भूषण सिंह ने मामले में पुलिस की ओर से गश्त के दौरान बरती गई लापरवाही का पता लगाने के लिए जांच कराई थी। इसमें अब सिविल लाइन चौकी पुलिस की लापरवाही उजागर हुई है, जबकि यूपी 100 पुलिस को राहत मिली है। जिसके बाद अब अफसर लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई का दावा कर रहे हैं।
संदिग्ध हिरासत में, सुराग नहीं
इधर, कोतवाल केपी सिंह ने सुरागरसी के बाद करीब दस संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर घटनाओं को लेकर क्लू जुटाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई कामयाबी हाथ नहीं लग सकी है।
अब तो पुलिस के पाले में आ गए नेताजी
चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाने वाले एक नेताजी अब अफसरों के सामने बचाव सा करते नजर आ रहे हैं। पुलिस की लापरवाही पर पर्दा डालते हुए कॉलोनी के लोगों पर ही सवाल उठा दिए। इसके पीछे
क्या वजह रही भले उजागर नही हो सकी हैं, लेकिन मामला चर्चा का विषय बना है।
चोरी के खुलासे के लिए टीम सुरागरसी कर रही हैं। घटना के दिन यूपी 100 की गाड़ी अपने प्वाइंट पर रही है। गश्त को लेकर चौकी पुलिस की लापरवाही निकल रही है, कार्रवाई होगी।
- बालेंदु भूषण सिंह, एसपी