27पीबीटीपी 18
केले के पेड़ पर लिपटा दिखा दो क्विंटल का अजगर
वन कर्मियों और ग्रामीणों की मदद से दो घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा जा सका
सीमावर्ती क्षेत्र में आबादी के निकट अजगर निकलने से मचा हड़कंप
अमर उजाला ब्यूरो
माधोटांडा (पीलीभीत)। सीमावर्ती क्षेत्र के नौजल्हा गांव में आबादी के निकट खेत में केले के पेड़ पर विशाल अजगर लिपटा दिखने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची वनकर्मियों की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को अपने कब्जे में लिया।
बराही रेंज के नौजल्हा गांव निवासी गौर मजूमदार शनिवार सुबह घर के निकट पास के केले के खेत की ओर गए। खेत में घुसते ही वहां दो केलों के पेड़ पर लिपटे विशाल अजगर पर नजर पड़ते ही ग्रामीण के होश उड़ गए। डर से सहमे ग्रामीण ने वापस दौड़ लगा दी। अजगर होने की सूचना पर ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुटने लगी। जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना नौजल्हा वन चौकी के वनकर्मियों को दी। सूचना के कुछ देर बाद वनकर्मी संजय और रवि ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अजगर के काफी विशाल होने के चलते वनकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो घंटे के प्रयासों के बाद रस्सी के सहारे अजगर को कब्जे में लिया जा सका। जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। डिप्टी रेंजर गिरीश कुमार ने बताया कि सूचना के बाद वन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को कब्जे में लिया है। जिसका वजन दो क्विंटल के करीब है। जिससे लग्गा भग्गा के जंगल में छोड़ा जाएगा।