20 पीबीटीपी 18
छात्रों को बाहर किया तो सड़क पर उतरेगी कांग्रेस
बापू छात्रावास को लेकर नहीं थम रही राजनीति
कांग्रेस नेता पहुंचे, सिटी मजिस्ट्रेट पर मुकदमा दर्ज करने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। गैस चौराहा स्थित बापू छात्रावास को प्रशासन की ओर से जर्जर बताते हुए खाली कराने की कोशिश करने के बाद गरमाई राजनीति थमने का नाम नहीं ले रही है। बसपा, सपा के बाद अब कांग्रेस के कई नेता छात्रावास पहुंचे और प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधि मंडल ने छात्रों से बातचीत की। कहा कि प्रशासन की शह और भूमाफिया की मिलीभगत के चलते बापू छात्रावास में गरीब अनुसूचित छात्रों के साथ दुर्व्यवहार कर कमरों में ताले लगा दिए गए थे। कहा कि ये छात्रावास कांग्रेस के पूर्व विधायक दुर्गाप्रसाद ने बनवाया था, जोकि 99 साल के पट्टे पर है। यह भी आरोप लगाया कि एक लेखपाल ने फर्जी कागजात बनाकर इसको हथियाने का प्रयास किया है। उन्होंने संबंधित लेखपाल की संपत्ति की मजिस्ट्रेटी जांच कराने की मांग की। पूर्व विधायक अरशद खां ने सिटी मजिस्ट्रेट पर एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की भी मांग की गई। यह भी चेतावनी दी कि अगर छात्रावास में रहने वाले छात्र बाहर किए गए तो कांग्रेस प्रदेश भर में सड़कों पर आकर आंदोलन करेगी। इस मौके पर हरिराम गौतम, वीरेंद्र रस्तोगी, संजय खान, मुनेंद्र पाल सक्सेना, नरेंद्र पाल वर्मा, गुरमीत सिंह, लखवीर सिंह लख्खा आदि मौजूद रहे।
000
सपा के पूर्व विधायक बोले, मैं भी छात्रों के साथ
सपा के पूर्व विधायक पीतमराम भी शनिवार को बापू छात्रावास में छात्रों से मिलने पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण किया और पुष्पांजलि अर्पित की। छात्रावास का भ्रमण करने के बाद कहा कि वह छात्रों के साथ हैं। अब छात्रों की लड़ाई वह खुद लड़ेंगे।
000
बरेली से भी आए कई लोग
स्थानीय नेताओं के अलावा डॉ. भीमराव आंबेडकर समाज समिति आंबेडकर पार्क बरेली से आए बालकराम बौद्घ, धीर सिंह गौतम, प्रदीप कुमार, गुरमीत राम ने बाबा साहब की तस्वीर को सड़क पर फेंके जाने, दलित छात्रों को लतियाने और गिरेबान पकड़कर अपमानित करने की बात कहते हुए इसकी निंदा की। ऐेसे अधिकारियों व भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
000
एडीएम (न्यायिक) करेंगे छात्रावास के स्वामित्व की जांच
पीलीभीत। छात्रावास को खाली कराए जाने के मामले में लगातार तूल पकड़ता देख डीएम डॉ. अखिलेश मिश्र ने इस मामले में छात्रावास के स्वामित्व की जांच एडीएम (न्यायिक) को सौंपी है। डीएम ने कहा कि कुछ कथित छात्रों के अनाधिकृत रूप से जर्जर भवन पर कब्जा किए जाने व संपत्ति पर भूमाफिया द्वारा किए जा रहे कब्जे के प्रयास की मिल रही सूचना के बाद भवन के असली मालिक की पड़ताल के लिए इसकी जांच एडीएम (न्यायिक) को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में यदि किसी के पास कोई साक्ष्य है तो वह दो दिन के भीतर उनके कार्यालय में उपलब्ध करा दे।