खेकड़ा (बागपत)। नगर क्षेत्र में ईद का त्योहार श्रद्धा और उल्लास पूर्वक मनाया गया। ईदगाह एवं मस्जिदों में हजारों अकीदतमंदों ने नमाज अदा की। साथ ही दिन भर दावतों के दौर के बीच सभी ने एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। नगर के बाजार में दिन भर खासी चहल-पहल रही।
शनिवार सुबह नौ बजे ईदगाह पर मौलाना मो. साजिद ने अकीदतमंदों को ईद की नमाज अदा कराई। इस दौरान थाना प्रभारी एसपी सिंह, खेकड़ा पालिका की चेयरमैन के प्रतिनिधि अंकुर धामा, चौधरी हरख्याल धामा, गुल्लू धामा, अनुज धामा, अमित डागर, ब्रजपाल सिंह धामा, संजय धामा, राजेंद्र यादव, सुशील धामा, राजसिंह पहलवान आदि ने नमाजियों को ईद की मुबारकबाद दी। सुरक्षा एवं सफाई बंदोबस्त कराए।
इसी के साथ नगर क्षेत्र की मस्जिदों में भी अकीदतमंदों ने नमाज अदा की। दिन भर दावतों का दौर चलता रहा। मुस्लिम भाइयों के यहां हिंदुओं ने पहुंचकर ईद की गले मिलकर मुबारकबाद दी। सभी ने खीर एवं सेवईं खाई। लाइन पार बस्ती में पीस पार्टी के जिलाध्यक्ष मुश्ताक अहमद के आवास पर ईद मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया, इसमें सभी ने एक दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इसके अलावा सभासद साबिर अंसारी समेत अनेक जगह ईद मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया, इसमें हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक दूसरे को मुबारकबाद दी। इस दौरान ब्रह्मपाल सिंह सभासद, सगीर अहमद, आबिद, साजिद खान, मौलाना नफीस, मौलाना रशीद, हाफिज मोमिन, मास्टर साबिर, सुहैल मलिक आदि रहे।