जिला मुख्यालय पर बृहस्पतिवार का दिन धरना प्रदर्शन के नाम रहा। एक ओर कर्मचारियों ने एक मंच पर आकर पुरानी पेंशन बहाली मंच के बैनर तले नेहरू पार्क में धरना देकर पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग की और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। वहीं सपा कार्यकर्ताओं ने देवरिया कांड के विरोध में नेहरू पार्क में उपवास रखकर धरना दिया। हिंदू जागरण मंच कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट चौराहा पर आतंकवाद का पुतला फूंका और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले राजनीतिक दलों की मान्यता समाप्त कर उनपर प्रतिबंध लगाने की मांग की। नेहरू पार्क में धरना प्रदर्शन को लेकर भारी पुलिस फोर्स मौजूद रहा। वहीं टनकपुर हाईवे पर पूरे दोपहर बाद तक जाम की स्थिति बनी रही।
कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी पुरानी पेंशन बहाली मंच के प्रांतीय आह्वान पर विभिन्न विभागों के कर्मचारी, अधिकारी समेत शिक्षकों ने नेहरू पार्क में नारेबाजी कर धरना दिया। धरनास्थल पर हुई सभा में कहा गया कि केंद्रीय गृहमंत्री ने पुरानी पेंशन बहाल किए जाने का समर्थन किया था, लेकिन प्रदेश का चुनाव जीतने के बाद सरकार अपने किए गए वादे को ही भूल गई। आने वाले दिनों का इसका जवाब दिया जाएगा। सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांग को नहीं माना गया तो 29 से 31 अगस्त तक प्रदेश भर के कर्मचारी तीन दिवसीय कार्यबहिष्कार कर धरना देंगे। जिले भर के कर्मचारियों के अभी नहीं तो कभी नहीं, पेंशन कोई भीख नहीं, यह अधिकार हमारा है आदि गगनभेदी नारे लगाए। दोपहर में आंदोलनरत कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट जाकर ज्ञापन देने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें गेट पर ही रोक लिया गया। बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट अर्चना द्विवेदी को सौंपा गया। ज्ञापन में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग की गई। धरना देने वालों में मंच के जिलाध्यक्ष दयाशंकर गंगवार,अरविंद सक्सेना, हरिओम चौधरी समेत प्राथमिक शिक्षक संघ, माध्यमिक शिक्षक संघ, पंचायत सफाई कर्मचारी संघ, सेवानिवृत कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन, चकबंदी संघ आदि के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।