पहली किश्त की धनराशि खाते में पहुंची
तीन दिन में निर्माण शुरू न होने पर वसूली की चेतावनी, हड़कंप
पूरनपुर। प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत होने के बाद पहली किश्त 40 हजार रुपये लाभार्थियों के खातों में पहुंचने के बाद भी तेरह पंचायतों के चार सौ लाभार्थियों ने अब तक आवास निर्माण शुरू नहीं करवाया। खंड विकास अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवास निर्माण शुरू न कराने वाले करीब 400 लाभार्थियों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में तीन दिन के अंदर आवास निर्माण शुरू न होने पर गबन मानकर राजस्व वसूली की तरह दी गई धनराशि वसूली कराने की चेतावनी दी है। नोटिस की जानकारी पर लाभार्थियों में हड़कंप मच गया है।
ब्लॉक क्षेत्र की अधिकांश ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास के पात्रों का चयन कर उनके आवास स्वीकृत किए गए। आवास निर्माण को पहली किश्त के रूप में लाभार्थियों के खातों में 40-40 हजार रुपये भी पहुंच गए। इसके बाद भी तेरह ग्राम पंचायतों के चार सौ से अधिक लाभार्थियों ने आवासों का निर्माण शुरू नहीं करवाया। ग्राम पंचायत सचिवों की रिपोर्ट के बाद खंड विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह ने मामले को गंभीरता से लेकर आवास निर्माण न कराने वाले चार सौ लाभार्थियों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में लाभार्थियों को तीन दिन के अंदर आवास निर्माण शुरू न कराने पर धनराशि का गबन होना मानकर राजस्व वसूली की भांति वसूली कराने की चेतावनी दी है। खंड विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह ने इसकी पुष्टि की है।