खेकड़ा (बागपत)।
नगर क्षेत्र के किसानों ने पंचायत कर क्षेत्र से गुजर रही गैस पाइप लाइन में अधिग्रहण की गई भूमि का शत प्रतिशत मुआवजा कंपनी से दिलाने की मांग कर कहा कि यदि जल्द मुआवजा नहीं दिया तो वह पाइप लाइन को उखाड़ देंगे।
बुधवार को नगर के मोहल्ला अहिरान स्थित शिव मन्दिर के प्रांगण में नगर क्षेत्र के किसानों की पंचायत हुई। पंचायत में किसानों ने कहा क्षेत्र में उनके खेतों से होकर गुजर रही गैस पाइप लाइन बिछाते समय कंपनी ने उन्हें अधिग्रहण की भूमि का दस प्रतिशत मुआवजा देकर ही उन्हें बहका दिया । उन्होंने कहा खेकड़ा नगर के किसानों के अलावा क्षेत्र के ग्राम मवी कला, काठा, नंगला बहलोलपुर, बडागांव, लहचौडा, गौना, सहवानपुर आदि गांवों से होकर गुजर रही है। किसानों को अधिकारी कंपनी से संपर्क कर शत प्रतिशत भूमि का अविलंब मुआवजा दिलाने की मांग करने को कहते है। यदि अविलंब शत प्रतिशत मुआवजा नहीं दिया तो वह खेतों से होकर गुजर रही गैस पाइप लाइन को उखाड़ देंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। पंचायत की अध्यक्षता चौधरी कृष्णपाल सिंह एवं संचालन राजेंद्र प्रधान ने किया। पंचायत में डॉ. बलबीर सिंह यादव, सत्यप्रकाश, पीतम सिंह, नत्थू, रघुवीर ठेकेदार, ओमपाल सिंह धामा, हरेंद्र यादव, इंद्रजीत, बाबूराम यादव, ओमप्रकाश धामा आदि रहे।