खेकड़ा (बागपत)। नगर के व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेज खेकड़ा शहर विद्युत सप्लाई में सुधार कराने की मांग की। उन्होंने कहा यदि मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन शुरू होगा।
नगर की विद्युत आपूर्ति बद से बदहाल होकर रह गई है। बृहस्पतिवार को नगर के बाजार में व्यापारियों ने बदहाल विद्युत आपूर्ति को लेकर बैठक की। बैठक में व्यापारियों ने कहा विद्युत निगम की लापरवाही के कारण तहसील स्तरीय खेकड़ा नगर को बीस घंटे के बजाय मात्र दस से बारह घंटे ही आपूर्ति दी जा रही है। इससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। पेयजल संकट के अलावा लोग रात्रि में सो नहीं पा रहे हैं। विद्युत निगम के अधिकारी शासन के आदेशों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। लगातार मांग करने के बाद भी शासन के आदेशानुसार भी बीस घंटे आपूर्ति नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा उपेक्षा बर्दास्त नहीं होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर अविलंब सुधार न होने पर संबंधित अधिकारियों के कार्यालयों के बाहर धरना देने की चेतावनी दी। इस दौरान विपिन शर्मा, प्रदीप शर्मा, प्रवीन धामा, अनित जैन, राजकुमार धामा, सुधीर शर्मा, याकूब, जाकिर, अनिल, विनोद कुमार, उमेश, संजय आदि रहे।