जिन महिलाओं की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है या उनकी शिकायत संबंधित अधिकारी तक पहुंचाना संभव नहीं हो पा रही है, उनको अब चिंता करने की जरूरत नहीं है। ऐसी महिलाएं अब महज वॉट्सऐप के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।
बुधवार को महिला उत्पीड़न के मामलों की सुनवाई और समीक्षा के लिए पीलीभीत पहुंची महिला आयोग की सदस्य शशि बाला भारती ने यहां यह बात कही। जिला पंचायत सभागार में उन्होंने महिला से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर महिला उत्पीडन व घरेलू हिंसा से संबंधित मामलों की विस्तृत से जानकारी ली। जनसुनवाई के दौरान पीड़ित महिला सीमा, रामश्री ने अपनी समस्याएं रखीं। इस पर उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को कानूनी कार्रवाई के लिए सरकारी वकील मुहैया कराने निर्देश दिए। एक दंपति के एक आपसी झगड़े का निस्तारण काउंसलिंग कराकर किया। अफसरों को परामर्श केंद्र पहुंचने वाले मामलों का शीघ्र निस्तारण करने का निर्देश देते हुए कहा कि जिन मामलों में एफआईआर दर्ज होनी है, उन पर तत्काल कार्रवाई की जाए। जो महिलाएं कानूनी कार्रवाई के लिए वकील करने में सक्षम नही हैं उन्हें परामर्श केंद्र से सरकारी वकील का सहयोग दिलाएं। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब वॉट्सएप नंबर 6306511708 पर उनके साथ हो रही वारदात या किसी परेशानी की शिकायत दर्ज करा सकती हैं। इस वॉट्सएप नंबर पर आयोग के सदस्य 10 से 5 बजे के बीच सक्रिय रहेंगे। साथ ही उनकी शिकायतों का संज्ञान लेकर जरूरी कार्रवाई भी सुनिश्चित करेंगे। बैठक में सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय निगम, जिला समाज कल्याण अधिकारी, सीओ जहानाबाद, डीपीआरओ, महिला थानाध्यक्ष, महिला परामर्श केंद्र ऱ्के सदस्य आदि उपस्थित रहे।