हाथी घोड़ा पालकी जय कंहैयालाल की
शहर सहित पूरे जिले में धूमधाम से मनाई जन्माष्टमी
देर रात तक मंदिरों में हुई पूजा अर्चना
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। शहर समेत जिले भर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव सोमवार को हर्षोल्लास से मनाया गया। रात 12 बजते ही मंदिर परिसर शंख और घंटा घड़ियाल से गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने कान्हा की आरती उतारी और प्रसाद वितरित किया। देर रात तक मंदिरों में कार्यक्रम चलते रहे।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर सोमवार सुबह से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। शहर के मोहल्ला साहूकारा स्थित राधारमण मंदिर व गोपीनाथ राधा रमण जी महाराज मंदिर को को आकर्षक ढंग से सजाया गया। यहां पुरोहितों ने भगवान की प्रतिमा का पंचामृत से स्नान कराया और नए वस्त्र पहनाकर उनका भव्य शृंगार किया। इसकेे अलावा साहूकारा स्थित राधाकृष्ण मंदिर, अशोक कॉलोनी स्थित राधाकृष्ण मंदिर, स्टेशन रोड स्थित अर्द्धनारीश्वर मंदिर, दुधिया मंदिर समेत अन्य मंदिरों में भी जन्माष्टमी पर पूजा अर्चना की गई। मंदिरों के साथ ही घरों पर भी लोगों ने कान्हा के बाल रूपों की सुंदर झांकियां सजाई व व्रत रखकर पूजा अर्चना की। रात 12 बजते ही श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती की प्रसाद ग्रहण किया।
बीसलपुर। नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने व्रत रहकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा अर्चना की और प्रसाद चढ़ाया। पर्व को लेकर देर रात तक घरों में पूजा अर्चना का क्रम जारी रहा। श्रद्धालुओं ने घरों में भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां सजाई। जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं ने घरों में भजन कीर्तन भी किए।
न्यूरिया। जन्माष्टमी पर्व पर मोहल्ला ठाकुरद्वारा स्थित श्री माधोकृष्ण मंदिर से भगवान श्री कृष्ण की बैंडबाजों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा ठाकुरद्वारा से होते हुए मुख्य चौराहा, मोहल्ला यार खां, महोफ मार्ग से नई बस्ती होते हुए पुन: मंदिर परिसर में जाकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण की फूलों से सजी पालकी आकर्षण का केंद्र रही। प्रसाद वितरित किया गया। शोभायात्रा में राकेश चंद गुप्ता, डॉ. हरीश कुमार, हरिद्वारी लाल, मोनू पांडे, मुन्ना लाल देवल, मुन्नालाल कश्यप, रामू गुप्ता समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।
00
शिक्षक शिक्षिकाओं ने सजाई बांसुरी
पीलीभीत। ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल में सोमवार को बांसुरी सजाओ प्रतियोगिता हुई। जिसमें विद्यालय के दोनों ब्रांचों के शिक्षक शिक्षिकाओं ने भाग लिया। जिसमें वंदना अग्रवाल व आशिना अग्रवाल ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि सरिता सिंह व रूपेश प्रेमी, प्रभा शर्मा व ऋतु जौहरी ने संयुक्त रूप से द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में प्रबंधक देवेंद्र सिंह छाबड़ा, पूजा छाबड़ा आदि शामिल रहे।