09 पीबीटीपी 20, 21
अमृत योजना के इंप्रवूमेंट प्लान से शहर का होगा कायाकल्प
प्रदेश के 61 शहरों में पीलीभीत भी शामिल
पानी निकास, सीवरेज व्यवस्था नए सिरे से होगी लागू
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत।
अमृत योजना के तहत प्रदेश के जिन 61 शहरों का कायाकल्प किया जाना है उसमें पीलीभीत भी शामिल है। इसके लिए सर्विस लेवल इंप्रूवमेंट प्लान तैयार हो चुका है। यदि शीघ्र ही इसके लिए धन प्राप्त हो गया तो वह दिन दूर नहीं जब शहर का नक्शा ही बदल जाएगा। शहर में नए सिरे से जल निकासी, पेयजलापूर्ति, सीवरेज व्यवस्था तो ठीक होगी ही शहर के बदहाल पार्क भी लकदक दिखने लगेंगे।
शहर की आबादी बढ़कर करीब ढाई लाख हो चुकी है, लेकिन पालिका की पेयजलापूर्ति तीन दशक पुराने संसाधनों पर टिकी है। इतनी बड़ी आबादी के लिए मात्र चार ओवरहेड टैंक और 12 नलकूप ही हैं। वहीं पानी निकासी को बने 30 नाले नाकाफी साबित हो रहे हैं। इधर, प्रदेश सरकार द्वारा शहरों के कायाकल्प को सर्विस लेवल इंप्रूवमेंट प्लान तैयार किया गया। चुने गए 61 शहरों में पीलीभीत शहर को भी शामिल किया गया है। अमृत योजना के इस प्लान के तहत जल निकासी, पेयजलापूर्ति, सीवरेज आदि व्यवस्थाएं नए सिरे से लागू की जाएगी। पालिका प्रशासन के मुताबिक अमृत योजना के तहत वर्ष 2013-14 में भी प्लान बनाया गया था। जिसको मंजूरी मिलने के बाद बजट भी आवंटित किया जा चुका है, लेकिन उसमें जलनिकासी, सीवरेज आदि को शामिल नहीं किया गया है। इस इंप्रूवमेंट प्लान में छूटे कार्यों को शामिल किया गया है। जिसका लाभ शहर के लोगों को मिलेगा।
00
17.41 करोड़ से सुधारी जाएगी पेयजलापूर्ति
अमृत योजना के तहत पूर्व में शहर के कायाकल्प को कार्ययोजना बनाकर भेजी गई थी। पहला प्रोजेक्ट 17.41 करोड़ रुपये का है। इसके तहत दो ओवरहेड टैंक, दो अंडरग्राउंड स्टोरेज टैंक, तीन नलकूप व 30 किमी नई पाइप लाइन बिछाने व सभी घरों को कनेक्शन मुहैय्या कराना है। इसमें 2.81 करोड़ रुपये जल निगम को ट्रांसफर किए जा चुके है। जल निगम के मुताबिक कार्य भी जल्द शुरू कराए जाएंगे। 26 करोड़ का एक अन्य प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है।
00
तीन पार्कों का भी होगा कायाकल्प
अमृत योजना के तहत शहर के नेहरू ऊर्जा उद्यान, शहीद रामस्वरूप पार्क व एकता सरोवर का कायाकल्प किया जाना है। पार्कों के जीर्णोद्धार का कार्य पालिका स्वयं कराएगी। पालिका प्रशासन के मुताबिक नेहरू पार्क को 16 लाख, शहीद रामस्वरूप पार्क 14 लाख व एकता सरोवर को 17 लाख रुपये से संवारा जाएगा। पालिका के मुताबिक नेहरू पार्क के लिए धनराशि मिल चुकी है। जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा।
00
वर्जन:
अमृत योजना के तहत पेयजलापूर्ति व पार्कों के कायाकल्प को पूर्व में ही मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही कार्य शुरू कराए जा रहे हैं। शेष बचे सीवरेज, जलनिकासी आदि कार्यों को लेकर इंप्रूवमेंट प्लान बनाया गया है। यदि इसको मंजूरी मिलती है तो शहर की अपनी एक अलग पहचान होगी।
- विमला जायसवाल, अध्यक्ष, नगर पालिका