गन्ना आयुक्त के निर्देश पर गन्ना समिति क्षेत्र के सभी 63 गन्ना केंद्रों के प्रभारियों को गुरुवार को लाटरी सिस्टम से स्थानांतरित कर दिया गया है। प्रदेश के गन्ना आयुक्त संजय यश भुस रेड्डी ने निर्देश जारी कर रखा है कि गन्ने की तौल में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पेराई सत्र में सभी केंद्र प्रभारियों को प्रत्येक पखवाड़े बाद लाटरी सिस्टम से स्थानांतरित किया जाए। गन्ना आयुक्त के इसी निर्देश के क्रम में इस गन्ना समिति क्षेत्र के सभी 63 गन्ना केंद्र प्रभारियों को गन्ना सीजन शुरू होते ही प्रत्येक पखवाड़े बाद लाटरी सिस्टम से बदला जाता है। यह पखवाड़ा चार अप्रैल को पूरा हो गया और पांच अप्रैल को डीसीओ राजेश्वर सिंह ने लाटरी सिस्टम से सभी 63 गन्ना केंद्र प्रभारियों को स्थानांतरित कर दिया है। इस मौके पर गन्ना विकास परिषद के एससीडीआई धर्मेंद्र प्रसाद दुबे, सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव जितेंद्र कुमार, किसान सहकारी चीनी मिल के जीएम सुरेश चंद्रा, सीसीओ सेवकराम यादव, गन्नाधिकारी नीरज शुक्ला, डालमियां शुगर मिल निगोही के गन्नाधिकारी योगेंद्र शुक्ला, बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल बरखेड़ा, मकसूदापुर, ललित हरि चीनी मिल पीलीभीत और द्वारिकेश चीनी मिल फरीदपुर के गन्नाधिकारी भी मौजूद रहे। स्थानांतरित किए गए केंद्र प्रभारियों ने शुक्रवार को नव आवंटित क्रय केंद्रों पर ज्वाइन कर लिया है, जिसकी पुष्टि सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव ने की है।