11 पीबीटीपी 13
मिल के 11 क्रय केंद्रों पर नहीं हुई गन्ने की तौल
अमर उजाला ब्यूरो
बीसलपुर। चीनी मिल के केन यार्ड में गन्ना भरे वाहनों का जाम लग जाने से ग्रामीण क्षेत्र के सभी 11 क्रय केंद्रों पर गुरुवार को गन्ने की तौल नहीं हुई। जिससे किसानों को काफी दिक्कत हुई। क्षुब्ध किसानों ने क्रय केंद्र पर तौल न होने पर हंगामा भी किया।
किसान सहकारी चीनी मिल के केन यार्ड में गुरुवार को गन्ना भरे वाहनों का जाम लग गया था। इसलिए चीनी मिल प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्र के सभी 11 क्रय केंद्रों पर गुरुवार को गन्ने की तौल नहीं कराई। ग्रामीण क्षेत्र के क्रय केंद्रों पर गन्ने की तौल न होने से किसानों को काफी दिक्कत हुई। किसान गन्ने की तौल होने की उम्मीद में क्रय केंद्रों पर घंटों भटकते रहे। गन्ने की तौल न होने का भरोसा हो जाने पर क्षुब्ध किसानों ने गन्ना क्रय केंद्रों पर काफी हंगामा किया। हंगामा करने वाले किसानों ने चीनी मिल के अधिकारियों से इस संबंध में फोन पर वार्ता की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। अधिकारियों ने यह कहकर ग्रामीण क्षेत्रों के क्रय केंद्रों पर गन्ने की तौल कराने में असमर्थता जता दी कि यदि क्रय केंद्रों पर गन्ने की तौल करा ली जाएगी तो तौला हुआ गन्ना मिल के केन यार्ड में नहीं लाया जा सकेगा। नियमानुसार प्रत्येक दिन ग्रामीण क्षेत्रों के क्रय केंद्रों पर तौला जाने वाला गन्ना मिल के केन यार्ड में उसी दिन आना जरूरी है। अधिकारियों ने किसानों को बताया कि शुक्रवार से सभी क्रय केंद्रों पर गन्ने की तौल शुरू करा दी जाएगी। अधिकारियों के इस आश्वासन से आश्वस्त होकर किसान घरों को चले गए। इस बाबत चीनी मिल के सीसीओ सेवकराम यादव ने बताया कि शुक्रवार से सभी गन्ना क्रय केंद्रों पर गन्ने की तौल शुरू करा दी जाएगी। मामला संज्ञान में आने पर गन्ना विकास परिषद के एससीडीआई धर्मेंद्र प्रसाद दुबे ने इस संबंध में सीसीओ से नाराजगी जताई और शुक्रवार से हर हालत में सभी क्रय केंद्रों पर गन्ने की तौल कराने के निर्देश दिए।