भदेनकंजा होगा नया सांसद आदर्श गांव
गुलड़िया भूपसिंह और पंडरी के बाद तीसरे गांव का हुआ चयन
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। बिलसंडा ब्लॉक के गांव भदेनकंजा के दिन जल्द बहुरने की आस जगी है। केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने इस गांव को सांसद आदर्श गांव के रूप में चयनित किया है। इससे पहले प्रथम चरण में पूरनपुर का गुलड़िया भूप सिंह और द्वितीय चरण में मरौरी ब्लॉक के पंडरी गांव का चयन किया जा चुका है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी सांसदों को अपने क्षेत्र के गांव को गोद लेकर आदर्श गांव बनाने का आह्वान किया था। इसके तहत प्रत्येक सांसद को पांच साल में तीन गांव को सांसद आदर्श गांव बनाया जाना है। जिले की केेंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने इस क्रम में अपने तीसरे गांव का भी चयन कर लिया है। इस बार बिलसंडा ब्लॅाक के गांव भदेन कंजा को चुना है। सांसद आदर्श गांव का चयन होने पर केंद्रीय मंत्री के दिल्ली कार्यालय से एक पत्र सीडीओ कार्यालय को प्राप्त हुआ है। इस पर सीडीओ डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने डीडीओ से सभी विभागों के अधिकारियों को पत्र भेजकर विकास कार्यों की कार्य योजना तैयार कराने के निर्देश दिए हैं। यहां बता दें कि इससे पूर्व पूरनपुर ब्लॉक के गांव गुलड़िया भूप सिंह और मरौरी के गांव पंडरी को सांसद आदर्श गांव घोषित किया जा चुका है।
00000
गांव की स्थिति
बिलसंडा का भदेनकंजा गांव में लगभग आठ हजार की आबादी है जबकि तीन हजार मतदाता हैं। सरकारी संसाधनों की बात करें तो प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय के अलावा एक प्राइवेट स्कूल है। स्वास्थ्य उपकेंद्र के अलावा सभी मार्गों पर खड़ंजा है और कुछ हिस्से को छोड़कर बाकी में विद्युत लाइन भी मौजूद है।