खेकड़ा (बागपत)।
जिला विद्यालय निरीक्षक और कॉलेज की प्रबंध संचालक के एक सप्ताह में वेतन का भुगतान कराने के आश्वासन के बाद एमएम इंटर कॉलेज के चतुर्थ श्रेणी कर्मियों का अनशन समाप्त हो गया।
एमएम इंटर कॉलेज के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मुकेश शर्मा विगत चार दिन से वेतन भुगतान की मांग को लेकर कॉलेज में आमरण अनशन पर बैठे थे। बृहस्पतिवार को कर्मचारी रोशन लाल ने भी वेतन न मिलने के कारण आमरण अनशन शुरू कर दिया। उनके आमरण अनशन को कॉलेज के सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों ने समर्थन दिया। इसके चलते बृहस्पतिवार की सुबह करीब नौ बजे कॉलेज में जिला विद्यालय निरीक्षक पीके मिश्रा एवं कॉलेज की प्रबंध संचालक कुमुद रानी कर्मचारियों के बीच पहुंचे। उन्होंने शिक्षकों एवं कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं। इसमें शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने कहा कि विगत चार माह से वेतन का भुगतान न होने के कारण उन्हें विकट समस्या से जूझना पड़ रहा है। डीआईओएस एवं प्रबंध संचालक ने उन्हें एक सप्ताह के अंदर रुके वेतन का भुगतान कराने का आश्वासन दिया। बाद में आमरण अनशन पर बैठे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मुकेश शर्मा एवं रोशन लाल को प्रबंध संचालक कुमुद रानी ने जूस पिलाकर आमरण अनशन समाप्त कराया। इस दौरान इकाई मंत्री गजेंद्र कुमार शर्मा, दिनेश शर्मा, देवदत्त शर्मा, नीरज वत्स, सुधीर यादव, हरिप्रकाश शर्मा, कंवर पाल सिंह, कर्मचारी रघुनाथ शर्मा, समाज सेवी प्रमोद गोस्वामी, विनोद धामा, कमल गोस्वामी आदि मौजूद रहे।