पीलीभीत। बाघ की दहशत लोगों में इस कदर छायी है कि झाड़ियों व खेतों में थोड़ी से आहट होने पर बाघ का आभास होने लगता है। शनिवार को बिलगवां के निकट बाघ पहुंचने की सूचना से गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंची लेकिन जांच में कोई चिह्न नहीं मिला। बाद में यह खबर अफवाह निकली।
टाइगर रिजर्व से बाहर आ रहे बाघ और तेदुएं की दहशत गांव से शहर तक है। पिछले दिनों कचहरी के निकट गत्ता फैक्ट्री तक बाघ पहुंचने से कई दिन हड़कंप मच रहा है और शहर के लोग दहशत में हैं। अब शनिवार को शहर से सटे गांव बिलगवां के आसपास खेतों में बाघ दिखने की सूचना से हड़कंप मच गया। खेत पर काम कर रहे मजदूर घर लौट गए। गांव वालों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। इस पर पीलीभीत रेंजर सतेंद्र चौधरी, वनदरोगा नवनीत यादव टीम के साथ पहुंचे। टीम ने बताए गए खेतों एवं इसके आसपास छानबीन की लेकिन कोई पदचिह्न अथवा बाघ के निशान नहीं मिले। रेंजर सतेंद्र चौधरी ने बताया कि बिलगवां में बाघ की सूचना मिली थी। टीम के साथ जांच की गई लेकिन कुछ नहीं मिला।