स्ट्रीट लाइट मामले की जांच रिपोर्ट तलब, कार्रवाई तय
शहर में पालिका ने लगवाई थीं 27 लाख से 250 लाइटें
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। नगरपालिका की ओर से शहर में 27 लाख की लागत से लगाई गई स्ट्रीट लाइटों की जांच रिपोर्ट डीएम ने तलब की है। लाइटों में हुए गड़बड़ी के मामले में कार्रवाई तय मानी जा रही है।
शहर में नौगवां चौराहे से कलक्ट्रेट तक मुख्य मार्ग पर नगरपालिका की ओर से 27 लाख की लागत से करीब 250 लाइटें लगवाई गई थीं। चार माह पूर्व लगी इन लाइटों में कई अभी से खराब हो गई। इसकी जानकारी होने पर डीएम ने जांच के आदेश दिए थे। इसके लिए पांच अधिकारियों क्रमश: कृषि उपनिदेशक, जिला कृषि अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी और जिला सूचना अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई थीं। इन पांच मेें चार अधिकारियों ने रिपोर्ट डीएम कार्यालय में भेज दी है जबकि एक की रिपोर्ट अब तक प्राप्त नहीं हुई है। डीएम ने पांचों अधिकारियों की जांच रिपोर्ट तलब की है। सूत्रों की मानें तो जांच में लाइटों की क्वालिटी खराब होने के साथ ही उनमें दर्शाए गए अन्य उपकरण भी मानक के अनुरूप नहीं मिले हैं। इस मामले में कार्रवाई तय मानी जा ही है। डीएम डॉ. अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि लाइटों की जांच कराई गई थी। अभी रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।