खेकड़ा (बागपत)।
शासन ने गेहूं खरीद केंद्रों को चाक-चौबंद करने की तैयारी शुरू कर दी है। एसडीएम ने शासन के आदेश का हवाला देकर सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देश जारी कर कहा अवकाश के दिन में भी क्रय केंद्र खुले रहेंगे और किसानों का गेहूं खरीदा जाएगा।
एसडीएम आशीष कुमार ने कहा नामित अधिकारी नियमित गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। किसानों को गेहूं विक्रय करने में सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक कोई असुविधा होती है, तो केंद्र पर ही खड़े होकर केंद्र प्रभारी से किसान तत्काल अपनी समस्या बता सकते हैं, इसका निस्तारण तुरंत होगा। एसडीएम ने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी अधिकारी बिना अनुमति के तहसील मुख्यालय नहीं छोड़ेगा, जो भी अधिकारी नियम का उल्लंघन करेगा, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी।
एसडीएम ने आग की घटनाओं को दृष्टिगत रखकर संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कहीं भी आग लगने की घटना होती है तो वहां समय से पहुंचकर पीड़ित लोगों को तत्काल राहत सामग्री बंटवाने का कार्य करें। एसडीएम ने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।