खेकड़ा (बागपत)।
क्षेत्र के ग्राम सांकरौद में दूषित भूगर्भ जल को लेकर ग्रामीणों की पंचायत का आयोजन हुआ। पंचायत में ग्रामीणों ने भूगर्भ जल प्रदूषण के लिए जिम्मेदार उद्योगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बुधवार को क्षेत्र के ग्राम सांकरौद में ग्रामीणों की पंचायत हुई। पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि गांव का भूगर्भ जल क्षेत्र में लगी कपड़ा रंगाई इकाइयों के कारण वर्षों से प्रदूूषित बना हुआ है। परिणाम स्वरूप गांव में कैंसर और गंभीर त्वचा रोग की बीमारी से लोग पीड़ित है। ग्रामीणों ने कहा कई इकाइयां दूषित केमिकल युक्त जहरीला पानी जमीन में रिबोर के द्वारा उतार रही है, जो जनसमुदाय के लिए गंभीर चिंता का विषय है। प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी पूरे मामले पर चुप्पी साधे रहते हैं। पंचायत में तय किया यदि शासन प्रशासन ने ऐसी इकाइयों पर तत्काल रोक नहीं लगाई तो सांकरौद के ग्रामीण आंदोलन कर इन इकाइयों की तालाबंदी कर देंगे। पंचायत की अध्यक्षता चौधरी हरेंद्र सिंह एवं संचालन राजबीर सिंह ने किया। इसमें सुभाष, जितेंद्र, हरपाल सिंह, दिनेश, उपेंद्र, राज कुमार, सुखबीर सिंह, धीरज, राकेश कुमार, सतेंद्र, राजपाल, रविंद्र, नरेश आदि रहे।