पीलीभीत। रविवार को घोषित राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस) के परिणाम में पीलीभीत जिले ने एक बार फिर शानदार उपलब्धि दर्ज की है। जिले ने लगातार पांचवीं बार शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया है। 160 सीटों के सापेक्ष 157 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है, जबकि तीन सीटें अनुसूचित जनजाति वर्ग की खाली रह गईं। चयनित छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना के तहत प्रति माह एक हजार रुपये, यानी प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
परिणाम में कंपोजिट स्कूल बरहा ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया, जहां से 15 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ। चयनित छात्रों में खुशबू, अरविंद, हिना, नीरज वर्मा, दिवाकर पाल, संदीप कुमार, प्रतिज्ञा, करण लाल, नीलम, राजन पाल, विपिन, यशपाल, शिवानी, साक्षी और खुशी शामिल हैं। विद्यालय की इस उपलब्धि से शिक्षकों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। वहीं, जूनियर हाई स्कूल टाह पौटा से नौ छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। इनमें दीपक कुमार, प्रियंका कुमारी, अखिलेश कुमार, राहुल कुमार, आशीष कुमार, निशा देवी, प्रतिज्ञा, कमल और शैलेंद्र शामिल हैं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजय कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष जहां केवल पांच छात्र-छात्राओं का चयन हुआ था। वहीं इस बार नौ छात्रों की सफलता ने विद्यालय की शैक्षिक प्रगति को नई पहचान दी है।
चयनित छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना के तहत प्रति माह एक हजार रुपये, यानी प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जो उनकी आगे की पढ़ाई में सहायक होगी। बीएसए रोशनी सिंह और जिला समन्वयक राकेश पटेल ने सभी चयनित छात्र-छात्राओं को बधाई दी है। संवाद