पीलीभीत। बेटे को पिता के लिए बुढ़ापे की लाठी कहा जाता है, लेकिन एक बेटा ऐसा भी है जो बुजुर्ग पिता के लिए मुसीबत बन गया है। पत्नी के साथ मिलकर उसने वृद्ध को बेघर कर दिया। बहन के कमरे में जबरन अपना सामान रखकर कब्जा जमा लिया। विरोध करने पर अब जेल भिजवाने की धमकी दे रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के दफ्तरों के चक्कर लगाने के बाद भी सुनवाई न होने पर अब पीड़ित पिता ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है।
मोहल्ला वशीर खां के रहने वाले जान मोहम्मद ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि उनका बेटा और पुत्रवधू उनको कई दिनों से परेशान कर रहे हैं। उनकी बेटी तबस्सुम जहां से भी झगड़ा करते हैं। एक जनप्रतिनिधि के यहां काम करने की धौंस देकर जेल भिजवाने की धमकी दी जाती है। आरोप है कि कुछ दिन पूर्व उनकी लड़की के कमरे में बेटे और पुत्रवधु ने जबरन अपना सामान रखकर कब्जा कर लिया। इसका विरोध करने पर झगड़ा कर धमकी दी गई। इससे परेशान होकर उनको बेटी संग मकान छोड़कर जाना पड़ा। अब वह सिविल लाइंस साउथ में किराए के मकान में रहते हैं। कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी। पीड़ित ने मकान पर बेटी के कमरे में किए गए कब्जे को हटवाने और आरोपी बेटे-पुत्रवधु पर कार्रवाई की मांग की है।