पीलीभीत। कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ डीएम ने सख्ती शुरू कर दी है। पिछले दिनों विनियमित क्षेत्र के अवर अभियंता के खिलाफ शासन को लिखा गया था। अब लोक निर्माण विभाग के तीन अवर अभियंता डीएम के रडार पर हैं। इन पर शिकंजा कसने के लिए डीएम ने शासन को चिट्ठी भेज दी है। इन तीनों पर ड्यूटी में लापरवाही से लेकर अनुशासनहीनता के आरोप हैं।
शासन को लिखे पत्र में डीएम वैभव श्रीवास्तव ने कहा है कि उनको ज्ञात हुआ है कि लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड एक में कार्यरत अवर अभियंता लाला राम, गोविंद नारायण सिंह और अक्षयवीर सिंह जिले में दस वर्ष से हैं। ये जिला मुख्यालय पर न रहकर बरेली चले जाते हैं। डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के पदों पर भी आसानी हैं। लिहाजा राजकीय कार्यों के प्रति उदासीन रहते है। अवर अभियंता लाला राम ने तो 26 अक्तूबर, 2018 को अधिशासी अभियंता से भी अभद्रता की थी। इसकी रिपोर्ट भी विभागाध्यक्ष को भेजी गई थी। यह अधिशासी अभियंता पर दबाव बनाते रहते हैं। अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं करते हैं। नतीजतन राजकीय कार्य प्रभावित होता है और जनता को परेशान होना पड़ता है। जियो टैगिंग कार्य में इनके द्वारा लापरवाही बरती गई है। इस सबके चलते इनका पीलीभीत से ट्रांसफर किया जाना जरूरी है। इस बाबत अधिशासी अभियंता अनिल कुमार से जानकारी ली गई तो उन्होंने इस तरह की कोई जानकारी होने से इंकार कर दिया।