न्यूरिया/पीलीभीत। रेलवे में बिना टिकट यात्रियों पर अंकुश लगाने के लिए मंगलवार को पीलीभीत टनकपुर रेलवे रूट पर चेकिंग अभियान चलाया गया। मझोला के पास हुई चेकिंग में बिना टिकट पकड़े गए 14 यात्रियों को आरपीएफ के हवाले कर दिया गया। सुरक्षा दस्ता उनको लेकर बरेली के लिए बस से निकला। न्यूरिया क्षेत्र के जनकपुरी गांव के निकट पहुंचते ही बस में पीछे की ओर बैठा एक युवक खिड़की से कूद गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बस में सवार किसी को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। राहगीरों की सूचना के बाद पहुंचे परिजन घायल को पहले क्षेत्रीय अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के प्रभारी मजिस्ट्रेट और सीटीटीआई आरके सेट के नेतृत्व में मंगलवार को बरेली टनकपुर रूट पर सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। सुबह सात बजे बरेली से टनकपुर जाने वाली ट्रेन संख्या 55371 में मझोला के पास चेंकिग की गई। इस दौरान करीब 14 यात्रियों को बिना टिकट पकड़ा गया। सभी को आरपीएफ के हवाले कर दिया गया। बस में बैठाकर आरपीएफ के जवान टनकपुर मार्ग से होकर बरेली के लिए रवाना हुए। न्यूरिया के निकट पहुंचते ही बस में पीछे की ओर बैठा एक युवक मोहम्मद हसन पुत्र आबिद हुसैन(25) खिड़की से बाहर कूद गया। जिससे वह गंभीर घायल हो गया। वहीं इस पूरी घटना को लेकर आरपीएफ बस में किसी को भनक तक नहीं लग सकी। राहगीरों ने इसकी सूचना परिजन को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंचे परिजन उसको पहले तो न्यूरिया पीएचसी ले गए। जहां हालत गंभीर होने पर उसको पीलीभीत के बाद बरेली रेफर कर दिया गया। जहां एक निजी अस्पताल में उसका उपचार किया जा रहा है। इधर घटना को लेकर घायल के पिता आबिद हुसैन आरपीएफ की लापरवाही बता रहे हैं। उनका कहना है कि बस में जवानों के बीच से कूदना आसान नहीं होता है। वह इस मामलें में रेलवे के उच्च अफसरों से कार्रवाई की मांग करेगें।
चेकिंग के दौरान कुल 14 यात्री बिना टिकट पकड़े गए थे। जिन्हें आरपीएफ की बस से बरेली के लिए भेजा जा रहा था। इसी बीच बस में पीछे की ओर बैठा एक युवक खिड़की से नीचे कूद गया। इसको लेकर आरपीएफ से जानकारी की जा रही है।
- आरके सेट, प्रभारी मजिस्ट्रेट, इज्जतनगर मंडल