पीलीभीत। आयकर विभाग से सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने फंदा लगाकर जान दे दी। उनका शव कमरे में पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आत्महत्या की कोई वजह सामने नहीं आई है।
कोतवाली क्षेत्र के निरंजनकुंज कॉलोनी के निवासी 65 वर्षीय फूल सिंह चार साल पहले आयकर विभाग से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पद से रिटायर हुए। उनकी सात बेटी और एक बेटा है। तीन बेटियों की शादी हो चुकी है। सुबह नाश्ता करने के बाद फूल सिंह अपने कमरे में चले गए थे। इसके बाद वह बाहर नहीं निकले। दोपहर तक उनके बाहर न आने पर परिवार वालों को चिंता हुई। खिड़की से झांककर देखा तो फूल सिंह का शव पंखे से लटक रहा था। यह देखते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से दरवाजा तोड़कर शव नीचे उतारा। पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर खुदकुशी की वजह तलाशने का प्रयास किया, लेकिन परिजन इससे अंजान रहे। उन्होंने बताया कि फूल सिंह अक्सर कमरा बंद कर वहीं पर अकेले में रहते थे। अधिकांश समय वह अपने पुस्तैनी गांव बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के मरौरी गुलड़िया में रहते थे। दो दिन पहले ही वह वहां से आए थे। यह भी अंदेशा जताया कि जिस रस्सी से वृद्ध ने फंदा लगाया। वह भी शायद वह गांव से ही लेकर आए होंगे। गांव से आने के बाद वह परिवार के लोगों से अधिक बातचीत नहीं कर रहे थे। माना जा रहा है कि घर में किसी बात पर विवाद हुआ जिससे वह आहत थे और यह कदम उठाया। हालांकि परिवार के लोग कुछ भी बोल नहीं रहे हैं। पत्नी ममता का रो-रोकर बुरा हाल रहा। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस भेज दी गई थी। खुदकुशी की वजह का पता नहीं लग सका है।