बीसलपुर। बिलसंडा रोड पर कटना नदी के पुल पर सोमवार सुबह करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। इससे यात्री बेहद परेशान रहे। कटना नदी का पुल बेहद संकरा और जर्जर होने के कारण आए दिन यहां जाम लग जाता है। सोमवार को इलाबांस, सिद्धबाबा, लंगड़े बाबा, खंदनिया बाबा और लिलहर में लगे मेले में जाने के लिए हजारों श्रद्धालु पुल से होकर गुजरे तो यातायात अव्यवस्थित हो गया। सुबह आठ बजे के करीब पहले निकलने की होड़ में पुल पर दो-दो चौपहिया वाहन आमने-सामने आ गए। इससे जाम लग गया। कोई भी वाहन चालक अपना वाहन पीछे हटाने को तैयार नहीं हुआ। इसे लेकर दोनों में कहासुनी भी हो गई। कुछ ही देर में पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जानकारी होने पर सीओ प्रवीण मलिक ने मौके पर बीसलपुर और बिलसंडा थाने की पुलिस को भेजा। पुलिस ने वाहनों को पीछे हटवाकर रास्ता साफ कराया। इसके बाद एक एक ओर के वाहनों को पास कराया। करीब दो घंटे तक पुल पर जाम लगा रहा। जाम में फंसे वाहनों में सवार लोगों विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों को काफी दिक्कत हुई।