मौसम में बदलाव से सुबह शाम ठंड का अहसास होने के साथ ही दिन में गर्मी बरकरार है। ऐसे में जरा सी लापरवाही आपकी सेहत बिगाड़ सकती है। जिला और निजी अस्पतालों में इन दिनों सर्दी, जुकाम, खांसी के मरीजों की लाइन लग रही है। पिछले पखवाड़ा भर से मौसम में ठंड ने दस्तक दी है। जिसके बाद मौसम के उतार चढ़ाव में बीमारियों ने तेजी से पांव पसारना शुरू कर दिए हैं।
बीते माह बरसात के बाद लोगों को दिन में सर्दी का अहसान होने लगा था। इस बार फिर मौसम ने अपना रुख बदल दिया है। सुबह शाम की ठंड से सर्दी जुकाम और खांसी की चपेट में लोग आने लगे हैं। वहीं जिले में अब वायरल बुखार का प्रकोप हल्के-हल्के थमने लगा है, वायरल बुखार से पीड़ित मरीजों की भीड़ जहां सरकारी और निजी अस्पतालों में बीते दिनों के मुकाबले कम देखने को मिल रही हैं। वहीं सर्दी, खांसी जुकाम से जुड़े मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को चिकित्सक भी ऐसे मौसम में बचाव के तरीके और बचने के उपाय बता रहे हैं। वहीं माना यह भी जा रहा है कि इस बार ठंड अधिक पड़ेगी। जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सीबी चौरसिया ने बताया कि सर्दी जुकाम, खांसी से बचाव की सलाह मरीजों को दी जा रही है। उन्होंने बताया कि ठंड से बचने के लिए ठंडा पानी और शीतल पेय पदार्थों का प्रयोग न करें और गर्म कपड़े पहने। थोड़ी सी लापरवाही आपकी सेहत बिगाड़ सकती है।