अमर उजाला इंपेक्ट
खबर छपते ही लगा कटरुआ की बिक्री पर प्रतिबंध
अमर उजाला ब्यूरो
बीसलपुर। वन विभाग की टीम ने नगर के मठिया चौराहे पर कटरुआ की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। उल्लेखनीय है कि कटरुआ की बिक्री को लेकर अमर उजाला में खबर प्रकाशित हुई थी।
वन विभाग की ओर से स्पष्ट प्रतिबंध लगा होने के बावजूद नगर के मठिया चौराहे पर कुछ लोग पिछले कई दिनों से खुले आम कटरुआ बेच रहे थे, जिससे प्रतिबंध की धज्जियां उड़ रहीं थीं। वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी सब कुछ जानते हुए भी इस ओर आंखे फेरे हुए थे। अमर उजाला के 25 जुलाई के अंक में पृष्ठ नंबर तीन पर कैसा प्रतिबंध, बीसलपुर में तो खुले आम बिक रहा कटरुआ, शीर्षक से सचित्र समाचार प्रकाशित हुआ। समाचार प्रकाशित होते ही हरकत में आई वन विभाग की टीम ने बुधवार को मठिया चौराहे पर पहुंचकर कटरुआ बेचने वालों को खदेड़ दिया। टीम ने जब्त किए गए कटरुआ को नष्ट कर दिया है। टीम ने कटरुआ बेचने आए लोगों को दोबारा कटरुआ लाने पर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी। रेंजर मदनलाल ने कटरुआ बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंध की पुष्टि की है।