शारदा कॉलोनी में मौत बनकर झूल रहे बिजली के तारों की व्यवस्था दुरुस्त नहीं किए जाने से परेशान क्षेत्रवासियों ने शनिवार को टनकपुर हाईवे स्थित डीएम आवास के सामने विद्युत विभाग के एसडीओ का पुतला फूंककर नारेबाजी की।
मोहल्ले के आरिफ, राज कुमार, धनदेई, भागवती, रिंकू, सुनीता, सपना, बसंती देवी आदि ने कहा कि कॉलोनी में जगह-जगह मौत बनकर झूल रहे बिजली के तारों की चपेट में हादसे हो चुकें हैं। इसके बाद भी व्यवस्था दुरुस्त करने के बजाए हम लोगों को ही दोषी बताया जा रहा है। बारिश में बदहाल व्यवस्था के कारण स्थिति इतनी खराब है कि अगर करंट दौड़ रहे बिजली के तार टूटकर पानी व गली में गिर गए तो किसी के साथ भी बड़ी अनहोनी हो सकती है। महिलाएं तो बिजली विभाग के अफसरों के साथ-साथ स्थानीय जिला प्रशासन व जनप्रतिनिधियों को कौसती दिखी। कहा कि लंबे समय बाद ही बिजली की उचित व्यवस्था नहीं की गई है। एक तरफ जहां बिजली के तार झूल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ जर्जर पोल गिरने का खतरा हर वक्त मंडराता रहता है। समस्या का समाधान शीघ्र नहीं होने पर कॉलोनी वाले शहर विधायक संजय गंगवार के सामने अपनी समस्याओं को रखेंगे।
नहीं सुधर सकी बिजली सप्लाई
अमरैयाकलां। बीस दिन पहले आई आंधी में क्षतिग्रस्त हुए बिजली के तारों का विभागीय अधिकारी सुधार नहीं करा सके हैं। ऐसे में दस से अधिक गांवों में सप्लाई ठप पड़ी है, लोग परेशान हैं। कई बार शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। अधिकारी सब जानकर अंजान बने हुए हैं।